News Lahar Reporter
जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित जमशेदपुर हाई स्कूल के पास बजरंग चाय दुकान की संचालिका मेंहदी कुमारी पर हुए हमले के मामले में अब एक अहम मोड़ आ गया है। इस मामले में नामजद आरोपी प्रेम कुमार ने जमशेदपुर के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में अपने अधिवक्ताओं गौरव पाठक और साकेत सुमन के माध्यम से आत्मसमर्पण कर दिया है।
गौरतलब है कि 6 अप्रैल की रात कुछ युवकों ने बजरंग चाय दुकान पर जमकर हंगामा किया था। इसी दौरान संचालिका मेंहदी कुमारी पर गर्म चाय फेंक दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई थीं। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी।
मामले को लेकर मेंहदी कुमारी के भाई अंकित कुमार ने बिष्टुपुर थाना में अभय तिवारी, सन्नी मिश्रा, प्रेम कुमार समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। हालांकि घटना के छह दिन बाद तक पुलिस द्वारा केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी होने से आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही थी।
स्थानीय लोगों और परिजनों की ओर से लगातार बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई जा रही है। अब प्रेम कुमार के सरेंडर के बाद पुलिस पर अन्य आरोपियों को जल्द पकड़ने का दबाव और बढ़ गया है।

