जमशेदपुर: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मी नगर स्थित दीनदयाल उपाध्याय भवन में रविवार को ब्रह्मर्षि विकास मंच जमशेदपुर की आम सभा सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। इस अवसर पर संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से रामनारायण शर्मा को अध्यक्ष और मुकेश शर्मा को महासचिव निर्वाचित किया।
आम सभा में समाज के वरिष्ठ जन, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ब्रह्मर्षि समाज के सदस्य मौजूद रहे। बैठक के दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति, समाज से जुड़े प्रमुख मुद्दों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। नई कार्यकारिणी के गठन पर सदस्यों ने हर्ष जताते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामनारायण शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि समाज के विकास से जुड़े जो कार्य अब तक अधूरे रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग को केंद्र में रखकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। साथ ही समाज से किसी कारणवश अलग हो चुके लोगों को फिर से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
महासचिव मुकेश शर्मा ने कहा कि संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ नियमित बैठकों, सामाजिक कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने सभी सदस्यों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही समाज को नई पहचान और मजबूती मिल सकती है।
आम सभा के अंत में उपस्थित सदस्यों ने संगठन की एकता बनाए रखने और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

