News Lahar: : ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच इजरायल ने कथित तौर पर ईरान की राजधानी तेहरान सहित कई अहम सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर भीषण हमले किए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं और डाउनटाउन इलाकों में आसमान में घना धुआं उठता देखा गया।
सूत्रों का दावा है कि इजरायली सेना ने रॉकेट और मिसाइलों के जरिए ईरान के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। हमलों से जुड़े कथित वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें मिसाइल लॉन्च किए जाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। इन घटनाओं के बाद पूरे मध्य-पूर्व में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं।
इस बीच इजरायल में भी सायरन बजने लगे हैं। संभावित जवाबी हमलों की आशंका के चलते वहां की सरकार ने नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की एडवाइजरी जारी की है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरानी राष्ट्रपति और सुप्रीम लीडर के आवास को भी निशाना बनाया गया, जहां से धुआं उठता देखा गया। हालांकि ईरानी अधिकारियों ने दावा किया है कि सुप्रीम लीडर इस हमले में सुरक्षित हैं और उस समय तेहरान में मौजूद नहीं थे।
वहीं, एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि संयुक्त राज्य अमेरिका ने सीरिया की जमीन से ईरान पर क्रूज मिसाइलें दागीं। दावा किया जा रहा है कि अमेरिका और इजरायल ने मिलकर अब तक 30 से अधिक ठिकानों पर हमले किए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बयान जारी कर कहा है कि ईरान में एक बड़ा सैन्य ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा और ईरानी नेतृत्व की ताकत को कमजोर करना है।
इसके जवाब में ईरान ने भी पलटवार करते हुए हाइफा, गैलीली और येरुशलम को निशाना बनाने का दावा किया है।
इस अंतरराष्ट्रीय संकट का असर भारत समेत कई देशों पर पड़ सकता है। झारखंड में भी सुरक्षा एजेंसियां वैश्विक हालात पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि तेल कीमतों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर इसके प्रभाव को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।
इजरायल और ईरान के बीच भीषण हमले, तेहरान में धमाके, अमेरिकी कार्रवाई, पलटवार जारी, मध्य-पूर्व तनाव चरम पर, झारखंड समेत भारत सतर्क

