NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर स्थित जुबली पार्क के निक्को पार्क में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने पार्क परिसर में जमकर हंगामा किया। युवकों की हरकतों से पार्क में मौजूद परिवारों, महिलाओं और बच्चों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, वाटर पार्क में घूमने आई एक युवती के साथ युवकों ने कथित तौर पर छेड़छाड़ की। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने विरोध जताया और चार युवकों को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती वाटर पार्क में मौजूद थी, तभी कुछ युवक उसे घेरकर बदतमीजी करने लगे। हालांकि हिरासत में लिए गए युवकों का कहना है कि उन्होंने किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की। उनका दावा है कि स्लाइडिंग के दौरान युवती को गलती से ठोकर लग गई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि युवक पार्क परिसर में तेज आवाज में शोर-शराबा कर रहे थे और लोगों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे। उनकी हरकतों से कई परिवार खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे। स्थिति को देखते हुए कई लोग अपने बच्चों के साथ पार्क से बाहर निकल गए।
घटना के दौरान पार्क परिसर में कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शराबी युवकों की वजह से पार्क की शांति भंग हो गई और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और हंगामा कर रहे युवकों को वहां से हटाया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निक्को पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नियमित पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि परिवारों और बच्चों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

