जमशेदपुर: जमशेदपुर में 18 मार्च को हिंदू नववर्ष के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा डिमना स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान से दोपहर बाद 3 बजे शुरू होगी। आयोजन समिति के अनुसार इस अवसर पर पूरा शहर भगवा रंग में रंगा नजर आएगा और जगह-जगह भगवा झंडे लहराएंगे। यात्रा का मुख्य आकर्षण रामगढ़ का डंका होगा। इसके अलावा राम दरबार और भगवान शिव से जुड़ी झांकियां भी लोगों को आकर्षित करेंगी। नौ फीट ऊंची बजरंगबली की प्रतिमा भी शोभायात्रा का खास केंद्र रहेगी।
इस संबंध में सोमवार को मानगो स्थित बड़ा हनुमान मंदिर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष के रवि प्रकाश, समाजसेवी पवन सिंह और भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद थे। धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि यात्रा के स्वागत के लिए शहर में कई स्थानों पर तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। साथ ही कुछ आकर्षक झांकियां कोलकाता से भी मंगाई जा रही हैं, जो लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र होंगी।
उन्होंने बताया कि इस नववर्ष यात्रा में लगभग पांच लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से लोग ट्रांसपोर्ट मैदान पहुंचेंगे, जहां से सभी एक साथ यात्रा की शुरुआत करेंगे। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए आम बागान मैदान पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आयोजन समिति की ओर से करीब 200 वालंटियर तैनात किए गए हैं। साथ ही जिला प्रशासन का भी सहयोग मिल रहा है।
समाजसेवी पवन सिंह ने बताया कि इस शोभायात्रा में लगभग एक हजार महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगी और यात्रा का नेतृत्व करेंगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को हिंदू नववर्ष के प्रति जागरूक करना है, ताकि लोग इसे हिंदू पंचांग के अनुसार मनाएं। उन्होंने कहा कि अधिकतर लोग अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार नववर्ष मनाते हैं, जबकि हिंदू नववर्ष का भी अपना धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इसलिए सभी को इसे सादगी और भक्ति भाव के साथ मनाना चाहिए।

