News Lahar Reporter
जमशेदपुर: जमशेदपुर में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। इसी क्रम में जमशेदपुर अभिभावक संघ के अध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार ने झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री, उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम और जिला शिक्षा अधीक्षक को पत्र लिखकर स्कूलों के संचालन समय में बदलाव की मांग की है।
पत्र में बताया गया है कि कोल्हान सहित पूर्वी सिंहभूम जिले में तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। साथ ही हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
अभिभावक संघ का कहना है कि वर्तमान में स्कूलों की कक्षाएं दोपहर 1:30 बजे तक संचालित हो रही हैं, जो दिन का सबसे गर्म समय होता है। इस दौरान बच्चों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ता है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ जाती है।
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों का समय बदलकर सुबह 6:30 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक कर दिया जाए, ताकि बच्चों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके और उनकी सेहत सुरक्षित रह सके।
अभिभावकों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द उचित निर्णय लेगा।

