Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर में चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है, लेकिन अब आम लोग भी सतर्क नजर आ रहे हैं। ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के कानू भट्टा इलाके का है, जहां एक चोर को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि एक युवक चोरी की नीयत से एक दबंग के घर में घुसा था। इसी दौरान घर के सदस्यों की नजर उस पर पड़ गई। खुद को घिरता देख चोर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घरवालों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
गुस्साए लोगों ने चोर को खंभे से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। काफी देर तक यह हंगामा चलता रहा, जिसके बाद किसी ने पुलिस को सूचना दी।
कानून हाथ में लेने पर सवाल
इस घटना के बाद लोगों के व्यवहार पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जब आरोपी को पकड़ लिया गया था, तो सीधे पुलिस को सौंपा जा सकता था, लेकिन भीड़ ने पहले उसके साथ मारपीट की। यह कानून को अपने हाथ में लेने जैसा है, जो खुद एक अपराध है।
पेशेवर चोर होने की आशंका
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर थाना ले गई। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पकड़ा गया युवक शातिर चोर है और इलाके में पहले भी कई घटनाओं में शामिल रहा है।
—

