जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली मसाला और खाद्य सामग्री के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। सिटी एसपी एसके चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कांड संख्या 17/26, दिनांक 10 फरवरी 2026, धारा 15(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत मिली सूचना पर 10 फरवरी को दोपहर करीब 12:40 बजे मानगो नंबर 75 स्थित गणेश पूजा मैदान के पास “न्यू अपना शॉप” नामक किराना दुकान में छापेमारी की गई। यह दुकान बलराम महतो (56 वर्ष), पिता स्वर्गीय ओज महतो, निवासी लाइन नंबर 02, हिंदू बस्ती, थाना गोलमुरी, जिला पूर्वी सिंहभूम की है।
छापेमारी के दौरान दुकान के अंदर प्लास्टिक की बोरियों में बड़ी मात्रा में मसाले और खाद्य सामग्री रखी मिली। पैकेटों की जांच करने पर पुलिस को संदेहास्पद डोडा पाउडर जैसा पदार्थ मिला। मौके से कुल 256 पैकेट जब्त किए गए।
जब्त सामानों में सोना चना बेसन के 54 पैकेट, शिव होलवेट चक्की ताजा आटा के 33 पैकेट, पीवाई टर्मरिक पाउडर के 152 पैकेट, पीवाई रेड चिली पाउडर के 8 पैकेट और रिश्ता चक्की फ्रेश आटा के 9 पैकेट शामिल हैं। पैकेट सहित कुल वजन लगभग 88 किलोग्राम बताया गया है। इसके अलावा एक फोल्डिंग कवर में रखा आईफोन 16 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और जब्त सामग्री की विधिवत जांच कराई जाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। छापेमारी दल में गोलमुरी थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
गोलमुरी में पुलिस छापेमारी में नकली मसाले और खाद्य पैकेट बरामद, आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत जांच जारी झारखंड जमशेदपुर खबर आज

