NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित झाबरी बस्ती में भाई-भाई के बीच हुए विवाद का दर्दनाक अंत हत्या के रूप में सामने आया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात शराब के नशे में दो भाइयों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई दुखु हेंब्रम ने अपने बड़े भाई परलाद सनातन हेंब्रम (45) पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में सनातन हेंब्रम के सिर पर गंभीर चोट लगी।
परिजनों के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने घायल भाई को घर के अंदर लाकर बिस्तर पर सुलाकर फरार हो गया। परिवार के मंझले भाई ने बताया कि दोनों ने शराब का सेवन किया था और इसी दौरान उनके बीच विवाद हुआ था।
सोमवार सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे सनातन हेंब्रम को अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुखु हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
यह घटना एक बार फिर नशे के दुष्परिणाम और घरेलू विवादों के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है। झारखंड में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं।

