NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन रोड स्थित संकटा सिंह पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे एक किन्नर और युवक के बीच विवाद के बाद जमकर हंगामा हुआ। बताया जा रहा है कि मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट में बदल गया।
घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई। इस दौरान कथित तौर पर बेल्ट से हमला किए जाने की बात भी सामने आ रही है। मारपीट के चलते पेट्रोल पंप के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक झड़प होती रही। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब मारपीट का यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर शहर में चर्चा तेज हो गई है।
हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है या नहीं, इसकी भी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद के कारण और पूरी घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
