NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित रूप से निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि अवैध खनिकर्म एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई के क्रम में अगस्त माह में कुल 23 निरीक्षण किए गए। इन कार्रवाईयों में कुल 440 टन अवैध खनिज जब्त किया गया, जिसमें 284 टन बालू एवं 160 टन पत्थर शामिल हैं। वहीं, कार्रवाई के दौरान 11 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों में 05 हाईवा, 05 ट्रैक्टर एवं 01- 407 वाहन शामिल है। संबंधित मामलों में 01 प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा 10 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया है।
बैठक में जिले में बालू खनिज के भंडारण की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले में पंजीकृत बालू डीलरों के स्टॉक में कुल 9,68,905.52 टन बालू उपलब्ध है। इसमें गुड़ाबांदा प्रखंड के 07 डीलर, बहरागोड़ा के 02 डीलर तथा धालभूमगढ़ के 01 डीलर शामिल हैं।
उपायुक्त ने बालू एवं अन्य खनिजों के अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण पर निरंतर निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा। साथ ही, खनिजों के वैध भंडारण एवं परिवहन से संबंधित अभिलेखों की नियमित जांच करते हुए नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ ऐहतेशाम वकारिब, डीडीसी नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीसी अनुराग तिवारी, डीटीओ, डीएमओ, ट्रैफिक डीएसपी, अन्य संबंधित विभागों तथा एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

