NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार, परिवहन एवं सेवन पर प्रभावी नियंत्रण, चिन्हित हॉटस्पॉट पर लगातार कार्रवाई, नशा मुक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर चिन्हित 10 हॉटस्पॉट पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अगस्त माह में एनडीपीएस अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई में 75 किलोग्राम गांजा एवं 36 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त किया गया तथा 26 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई। उपायुक्त ने चिन्हित हॉटस्पॉट पर निगरानी एवं कार्रवाई को और प्रभावी बनाने तथा मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग एवं थाना स्तर से विद्यालयों में आयोजित किए जा रहे नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों एवं इससे होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही नशा मुक्ति एवं पुनर्वास से संबंधित सेवाओं को सक्रिय एवं प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया गया, ताकि नशे की समस्या से प्रभावित व्यक्तियों को आवश्यक सहायता एवं पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में त्वरित अनुसंधान एवं दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने को कहा गया।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन या परिवहन से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम 0657-2431028 पर सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में नागरिकों की सूचना महत्वपूर्ण आधार बन सकती है तथा सामूहिक प्रयासों से समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाया जा सकता है।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, उप विकास आयुक्त श्री अनुराग तिवारी, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

