NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डॉन बार के नीचे 27 जून की रात हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 10 लोगों को नामजद किया है। जिन लोगों को नामजद किया गया है उनमें डबल डाउन बार के मालिक भाजपा नेता नीरज सिंह के अलावा एक अन्य ओनर विजय कुमार, सरायकेला गम्हरिया के धतकीडीह गांव के रहने वाले सोनू राम सरदार उर्फ सोनू मंडल, इसी गांव का रहने वाला विश्वनाथ मंडल, राहुल, राज लोहार, अमित लोहार, अर्जुन लोहार, गणेश लोहार, गणेश लोहार, जमशेदपुर के घाघीडीह इलाके के रहने वाले लखन मार्डी के नाम भी शामिल हैं। इस घटना में पुलिस ने घटनास्थल से ही सोनू राम सरदार और राज लोहार को गिरफ्तार कर लिया था। उनके पास से घटना में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद हुआ है।
आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर करणी सेना ने नाराजगी जताई है। इस मुद्दे को लेकर करणी सेना के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को बिष्टुपुर थाना प्रभारी से मुलाकात कर अब तक हुई पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
करणी सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद कई आरोपियों की पहचान हो चुकी है, इसके बावजूद शेष आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी समझ से परे है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुलिस मौके पर मौजूद थी, तब चापड़ जैसे घातक हथियार से इतना गंभीर हमला कैसे हो गया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई या निलंबन नहीं होने पर भी नाराजगी जताई।
करणी सेना ने कहा कि हमले में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह अभी भी जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। ऐसे में पुलिस को मामले में तेजी दिखाते हुए सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल को बिष्टुपुर थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया कि मामले की जांच लगातार जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस दौरान करणी सेना के जिलाध्यक्ष मोहित सिंह, प्रदेश सचिव कमलेश सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
