News Lahar Reporter
जमशेदपुर : शहर के एमजीएम अस्पताल में मरीज के दो तीमारदारों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल परिसर में तैनात 8 से 10 होमगार्ड जवानों ने लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता गुंजन यादव ने बताया कि भुइयांडीह लकड़ी टाल निवासी भूमिज शर्मा की बहन एमजीएम अस्पताल में भर्ती हैं। उनके पेट में पस बनने के कारण उनका इलाज चल रहा है। बहन का हालचाल लेने के लिए भूमिज शर्मा अपने बहनोई के साथ अस्पताल पहुंचे थे। इलाज के बाद दोनों अस्पताल परिसर से बाहर निकल रहे थे।
इसी दौरान अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने उनसे बार-बार अस्पताल आने-जाने का कारण पूछा। आरोप है कि बात बढ़ने पर जवानों ने भूमिज शर्मा, उनके बहनोई और अन्य कुछ तीमारदारों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
गुंजन यादव का आरोप है कि मारपीट के दौरान तीमारदार जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते रहे, लेकिन जवानों ने उन्हें रोककर बंधक जैसा व्यवहार किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि मौके पर मौजूद किसी भी होमगार्ड जवान ने नेम प्लेट नहीं पहन रखी थी, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, डीएसपी दयानंद कुमार और एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से टूटी हुई लाठी जब्त कर ली है तथा घायल तीमारदार को मेडिकल जांच और इंजरी रिपोर्ट के लिए भेजा गया है।
गुंजन यादव ने यह भी आरोप लगाया कि घटना का वीडियो बनाने वाले लोगों से वीडियो डिलीट करा दिया गया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।

