NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: पटमदा के बाटालुका गांव में शनिवार की सुबह नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने आ गए। कितापाठ जाहेरथान के आसपास सर्च ऑपरेशन पूरा कर लौट रही पुलिस टीम को ग्रामीणों की भीड़ ने घेर लिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में महिला और पुरुष जुट गए। ग्रामीणों के हाथों में लाठी-डंडे थे। स्थिति ऐसी बन गई कि पुलिस टीम करीब पांच घंटे तक गांव में ही घिरी रही।
पुलिस टीम में पटमदा थाना प्रभारी के साथ भुईयांसिनान कैंप के एसटीएफ जवान भी मौजूद थे। बताया गया कि सुरक्षा बल शुक्रवार शाम से दलमा रेंज के विभिन्न इलाकों में नक्सलियों की तलाश में अभियान चला रहे थे। टीम ने झुंझका, मेघादह, राजाबासा, अपो और सारी समेत कई क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद पुलिस टीम बाटालुका पहुंची और कुछ घरों में भी जांच की गई।
इसी दौरान पुलिस लक्खन सोरेन और उनकी दोनों पत्नियों भारती सोरेन तथा सूमी सोरेन को अपने साथ लेकर गांव से निकल रही थी। तभी घर में मौजूद लक्खन सोरेन की 10 वर्षीय बेटी पार्वती के रोने और शोर मचाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण वहां पहुंच गए। कुछ ही देर में ग्रामीणों की संख्या लगातार बढ़ती चली गई और उन्होंने पुलिस टीम को चारों ओर से घेर लिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस जिन लोगों को अपने साथ ले जा रही है, उन्हें तत्काल छोड़ा जाए। साथ ही उन्होंने पटमदा थाना में कई दिनों से हिरासत में रखे गए बाटालुका निवासी युधिष्ठिर महतो को भी मुक्त करने की मांग रखी। ग्रामीणों ने पुलिस को घेरते हुए कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, सुरक्षा बलों को वहां से आगे नहीं जाने दिया जाएगा।
बारिश के बीच घंटों तक पुलिस और ग्रामीणों के बीच गतिरोध बना रहा। स्थिति तनावपूर्ण होने के बावजूद पुलिस ने संयम बनाए रखा और वरीय अधिकारियों के निर्देश का इंतजार करती रही। इस दौरान गांव में काफी संख्या में लोग जमा रहे।
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस और ग्रामीणों के बीच बातचीत के जरिए स्थिति सामान्य करने का प्रयास शुरू किया गया। करीब नौ बजे जिला पार्षद प्रदीप बेसरा की पहल के बाद पटमदा थाना में हिरासत में रखे गए युधिष्ठिर महतो को मौके पर लाया गया।
पटमदा में पुलिस की एलआरपी टीम को ग्रामीणों ने घेरा, पांच घंटे तक चला हाईवोल्टेज गतिरोध; हिरासत में युवक को छोड़ने के बाद खुला रास्ता
e-Desk newslahar.in
Newslahar.in एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो भारत और दुनिया भर से समय पर, सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रदान करता है। हम राजनीति, व्यापार, तकनीक, शिक्षा और सामाजिक मुद्दों को तथ्यों, स्पष्टता और जनहित पर विशेष ध्यान के साथ कवर करते हैं—ताकि पाठक हमेशा सूचित, जागरूक और जुड़े रहें।

