NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज में शनिवार को परीक्षा देने पहुंची छात्रा रायगुनी बोयपाई करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। बारिश के कारण कॉलेज परिसर में पानी जमा था। रायगुनी बोयपाई सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नानदूप की रहने वाली है और मेजर पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा देने कॉलेज पहुंची थी। छात्रा के मुताबिक परीक्षा प्रवेश वाला गेट बंद था, इसलिए वह दूसरे गेट की ओर जाने के दौरान जलजमाव से होकर गुजर रही थी।
इसी दौरान उसे करंट लग गया और वह गिर पड़ी। बाद में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर कॉलेज के प्राचार्य एके झा मौके पर पहुंचे। घटना के बाद छात्र नेताओं और विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
उनका आरोप है कि परिसर में पहले भी करंट लगने की घटना हो चुकी है और शिकायत के बावजूद विद्युत व्यवस्था तथा जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि समस्या दूर नहीं हुई तो सोमवार से कॉलेज बंद कराया जाएगा।

