NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के चार जवानों का चयन कोलकाता के गार्डन रीच स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक कार्यालय में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए किया गया है। समारोह में ध्वजारोहण, परेड मार्च सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
चयनित जवानों में दो महिला जवान सरस्वती मुर्मू और तेजीता तथा दो युवा जवान अनुराग कुमार और आलोक कुमार शामिल हैं। चारों जवान समारोह में टाटानगर रेल सिविल डिफेंस का प्रतिनिधित्व करेंगे।

गार्डन रीच पहुंचने के बाद चारों जवान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों के साथ परेड का अभ्यास करेंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाले भव्य ध्वजारोहण और परेड कार्यक्रम में वे अपनी सेवाएं देंगे।
टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के जवानों का राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण समारोह के लिए चयन पूरे दल के लिए गौरव का विषय है। यह उनके अनुशासन, प्रशिक्षण, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में टाटानगर के ये जवान राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सेवा भावना का संदेश देते हुए झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन से रेल सिविल डिफेंस टीम में भी उत्साह का माहौल है।
