NEWS LAHAR REPORTER
दूसरी बार मिली जिम्मेदारी, बीरसिंह देवगम चौथी बार बने जिला महासचिव
पोटका। जनता दल (यूनाइटेड) के पोटका प्रखंड अध्यक्ष के रूप में यशराज मुर्मू को दूसरी बार मनोनीत किया गया है। वहीं बीरसिंह देवगम को चौथी बार पूर्वी सिंहभूम जिला महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दूसरी बार प्रखंड अध्यक्ष बनाए जाने पर यशराज मुर्मू ने जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष ने उन पर जो विश्वास और भरोसा जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।
यशराज मुर्मू ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के साथ-साथ जनता दल (यूनाइटेड) की नीतियों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा। पोटका प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं को संगठित कर पार्टी की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए मिल-जुलकर और समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की। दूसरी ओर, बीरसिंह देवगम को लगातार चौथी बार जिला महासचिव की जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा गया।

