NEWS LAHAR REPORTER
बीएड, बीपीएड और एमएड की छात्राओं को पाठ्यक्रम, अनुशासन और पेशेवर मानकों की दी गई जानकारी
जमशेदपुर। जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के शिक्षा विभाग द्वारा कुलपति प्रो. इला कुमार के मार्गदर्शन में सत्र 2026-28 के बीएड, बीपीएड एवं एमएड पाठ्यक्रम की छात्राओं के लिए इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग के सेमिनार हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम के साथ नए शैक्षणिक सत्र की औपचारिक शुरुआत हुई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को विश्वविद्यालय एवं विभाग की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, पाठ्यक्रम की रूपरेखा तथा शिक्षा के क्षेत्र में अपेक्षित पेशेवर मानकों से परिचित कराना था। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को उनके संबंधित पाठ्यक्रम, नियमों एवं शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद बीएड की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों एवं उपस्थित शिक्षकों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संजय भुइयां ने स्वागत एवं परिचयात्मक भाषण दिया। उन्होंने छात्राओं को नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में जिम्मेदारी, अनुशासन एवं समर्पण के महत्व पर प्रकाश डाला।
इंडक्शन प्रोग्राम के दौरान विभाग के वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने तीनों पाठ्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा एवं संबंधित नियमों की जानकारी छात्राओं को दी। श्रीमती सोनी ने एमएड पाठ्यक्रम, डॉ. निशा ने बीएड पाठ्यक्रम तथा डॉ. संजीत महतो ने बीपीएड पाठ्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के सभी संकायाध्यक्ष एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे। मंच का संचालन डॉ. त्रिपुरा झा ने किया।
कार्यक्रम का सफल समापन डॉ. अरुणिमा द्वारा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इंडक्शन प्रोग्राम के माध्यम से नवागंतुक छात्राओं को नए शैक्षणिक सत्र के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश और विभागीय व्यवस्था की जानकारी मिली।

