NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के क्रॉस रोड नंबर 20 स्थित क्वार्टर नंबर एल-4 में मंगलवार को टाटा स्टील कर्मचारी के घर चोरी की घटना सामने आई। चोरों ने घर से करीब 30 हजार रुपये नकद और लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के खानदानी आभूषण चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील कर्मचारी सुब्रतो दास लंच ब्रेक के दौरान ड्यूटी से घर लौटे थे। घर पहुंचने पर उन्होंने पीछे के गेट का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाने पर अलमारी में रखी नकदी और खानदानी जेवरात गायब मिले।
घटना की सूचना तत्काल सिदगोड़ा पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की कोशिश की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शहर में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं और अब दिन के समय भी घर सुरक्षित नहीं रह गए हैं। क्षेत्रवासियों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

