NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: सीतारामडेरा के न्यू बाराद्वारी इलाके में युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार स्कूटी पर सवार होकर पहुंचे दो युवकों ने आबिद हुसैन पर फायरिंग की थी। वारदात के बाद दोनों फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने जांच के दौरान दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काशीडीह के राज सिंह कश्यप उर्फ कोटू, साकची इलाके के मो. कैफ उर्फ स्मोलू और उनके सहयोगी दशरथ शुक्ला के रूप में हुई है।
रात में चली गोली, घायल को पहुंचाया गया अस्पताल
पुलिस को 1 अक्टूबर की रात करीब 11:15 बजे फूल बस्ती-खुशबू नगर, न्यू बाराद्वारी में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा पुलिस हरकत में आई और विशेष टीम को मौके पर भेजा गया।
जांच में सामने आया कि स्कूटी सवार दो लोगों ने आबिद हुसैन को गोली मार दी थी। गोली लगने के बाद घायल आबिद को पुलिस ने तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।
बयान से खुली वारदात की कड़ी
घायल के फर्द बयान के आधार पर सीतारामडेरा थाना में कांड संख्या 105/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी और अन्य सुरागों के आधार पर राज सिंह कश्यप उर्फ कोटू और मो. कैफ उर्फ स्मोलू को गिरफ्तार किया।
पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां और होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की। मामले में दोनों के सहयोगी दशरथ शुक्ला को भी गिरफ्तार किया गया।
तीनों का पहले से है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार राज सिंह कश्यप उर्फ कोटू के खिलाफ चोरी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ सीतारामडेरा, साकची, सोनारी, गोलमुरी, सिदगोड़ा, घाटशिला, गालूडीह, कदमा और आदित्यपुर थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
मो. कैफ उर्फ स्मोलू का भी साकची और कदमा थाना क्षेत्र में दर्ज कई मामलों का आपराधिक इतिहास बताया गया है। वहीं दशरथ शुक्ला के खिलाफ भी गोलमुरी, साकची, सीतारामडेरा, सिदगोड़ा और बुंडू थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस खंगाल रही फायरिंग की पूरी वजह
गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी के बाद पुलिस अब फायरिंग के पीछे की वजह, आरोपियों के आपसी संबंध और वारदात में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है।

