NEWS LAHAR REPORTER
72 पेटी विदेशी शराब के साथ 20 हजार ढक्कन, 5 हजार खाली बोतलें और नकली होलोग्राम बरामद, छापेमारी के दौरान फरार हुए आरोपी
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा गांव में उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध विदेशी शराब बनाने और उसकी पैकेजिंग करने वाली मिनी फैक्ट्री का खुलासा किया है। 12 नवंबर की देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग के विशेष कार्य बल ने छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ शराब बनाने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर धालभूम प्रक्षेत्र के उत्पाद निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर मौके पर मौजूद सभी आरोपी फरार हो गए।

उत्पाद विभाग की टीम ने घटनास्थल की तलाशी के दौरान 500 लीटर क्षमता वाले सिंटेक्स टैंक और तीन प्लास्टिक जरीकेन से कुल 330 लीटर अवैध स्प्रिट बरामद की। इसके अलावा विभिन्न ब्रांड की 72 पेटियों में रखी 821.53 लीटर बोतलबंद विदेशी शराब और 180 लीटर तैयार रंगीन शराब जब्त की गई।
मौके से शराब की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न ब्रांड के 20 हजार ढक्कन, 5 हजार खाली कांच और प्लास्टिक की बोतलें, अलग-अलग ब्रांड के 7 हजार लेबल और 5 हजार नकली होलोग्राम भी मिले हैं।
उत्पाद विभाग के अनुसार, फरार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में फरार अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

