NEWS LAHAR REPORTER
छठ व्रतियों आलोक कुमार गुप्ता, अनिता देवी और सुलेखा देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया उद्घाटन; स्वर्गीय परिजनों की स्मृति में संत नरसिंह बाबा की प्रेरणा से हुआ निर्माण
मनोहरपुर, 13 नवंबर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर मनोहरपुर में श्रद्धा और सेवा की अनूठी मिसाल देखने को मिली। कोयल नदी तट पर नवनिर्मित छठ घाट चबूतरा एवं शेड का शुक्रवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। पूज्य संत नरसिंह बाबा की पावन प्रेरणा से निर्मित इस घाट को छठ व्रतियों की सुविधा के लिए समर्पित किया गया।
छठ व्रती आलोक कुमार गुप्ता, अनिता देवी एवं सुलेखा देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नवनिर्मित घाट का उद्घाटन किया। इससे पूर्व पूज्य संत नरसिंह बाबा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा और भक्तिभाव का माहौल बना रहा।
स्वर्गीय परिजनों की स्मृति में कराया गया निर्माण
इस अवसर पर आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता, तपस्या और समर्पण का प्रतीक है। संत नरसिंह बाबा की प्रेरणा से नवनिर्मित छठ घाट चबूतरा एवं शेड का निर्माण स्वर्गीय जगदीश प्रसाद गुप्ता, स्वर्गीय लखपति देवी, स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद गुप्ता एवं स्वर्गीय रेणु देवी की स्मृति में कराया गया है।
उन्होंने कहा कि इस निर्माण का मुख्य उद्देश्य छठ व्रतियों को पूजा-अर्चना के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें घाट पर किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। नवनिर्मित चबूतरा और शेड से श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी।

साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्था
छठ पूजा को देखते हुए घाट परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इन तैयारियों में छठ घाट समिति, स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों का सहयोग मिल रहा है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुविधाजनक माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
उद्घाटन से श्रद्धालुओं में खुशी
कोयल नदी तट पर नवनिर्मित छठ घाट व चबूतरे के उद्घाटन से स्थानीय छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सेवा का सराहनीय उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में कमलेश गुप्ता, रजनीश साह, राकेश गुप्ता, नंदलाल गुप्ता, प्रकाश साह, संतोष गुप्ता, गुडलाल, पंडित अजीतमल पाठक, नागेश्वर राय, सुमित साह, आनंद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

