NEWS LAHAR REPORTER
गोपाल मैदान में टाटा स्टील फाउंडेशन के 13वें राष्ट्रीय जनजातीय सम्मेलन का होगा आयोजन, आदिवासी संस्कृति, परंपरा, खानपान, कला और ज्ञान पर पांच दिनों तक होगा मंथन
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर एक बार फिर देशभर की आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामुदायिक संवाद का राष्ट्रीय केंद्र बनने जा रही है। टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से आयोजित होने वाले 13वें राष्ट्रीय जनजातीय सम्मेलन ‘संवाद-2026’ का आयोजन 15 से 19 नवंबर तक गोपाल मैदान में किया जाएगा। इस पांच दिवसीय आयोजन में देश के 26 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 353 जनजातीय समुदायों के कम से कम 2500 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य आदिवासी समाज की पहचान, पारंपरिक ज्ञान, सांस्कृतिक विरासत और विकास से जुड़ी आकांक्षाओं को साझा मंच प्रदान करना है।

इस वर्ष का आयोजन झारखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर हो रहा है। संवाद-2026 में देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले आदिवासी प्रतिनिधि पांच दिनों तक अपनी परंपराओं, अनुभवों और विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। इसमें 15 प्रतिशत भागीदारी विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) की होगी, जबकि 55 प्रतिशत प्रतिभागी पहली बार इस सम्मेलन में शामिल होंगे।
2014 से राष्ट्रीय मंच बना संवाद
वर्ष 2014 में शुरू हुआ संवाद आज आदिवासी समुदायों के बीच विचार-विमर्श, सांस्कृतिक संरक्षण, पारंपरिक ज्ञान के आदान-प्रदान और समुदाय आधारित विकास का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच बन चुका है। अब तक इसके माध्यम से 353 जनजातीय समुदायों के 1.3 लाख से अधिक लोगों को जोड़ा जा चुका है। इस वर्ष के आयोजन की तैयारी के तहत अप्रैल 2026 से देशभर में 21 क्षेत्रीय संवाद, कार्यशालाएं और विशेष आवासीय कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 6000 से अधिक लोगों की भागीदारी रही।

आदिवासी व्यंजन से लेकर संगीत और कला तक दिखेगी विविधता
संवाद-2026 में आदिवासी खानपान विशेष आकर्षण होगा। देश के 14 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के 22 जनजातीय समुदायों के 70 होम शेफ अपने पारंपरिक व्यंजन पेश करेंगे। इसके लिए विशेष फूड स्टॉल, कुकिंग डेमो और क्यूरेटेड डाइनिंग की व्यवस्था होगी। टाटा समूह की इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (ताज ग्रुप) के सहयोग से इस पहल के तहत अब तक 13 सफल फूड उद्यम और 12 उभरते व्यवसाय विकसित किए गए हैं।
वहीं, ‘रिदम्स ऑफ द अर्थ’ कार्यक्रम में आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 14 जनजातीय समुदायों के 43 कलाकार हिस्सा लेंगे। ये कलाकार सात मौलिक संगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से उरांव, मुंडा, राभा, बोडो, लेपचा, संथाल और हो समुदायों की संगीत परंपराओं को सामने लाएंगे।
142 जनजातीय कलाकारों के 68 स्टॉल होंगे आकर्षण
आदिवासी हस्तशिल्प और पारंपरिक कला को बढ़ावा देने के लिए 16 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 34 जनजातीय समुदायों के 142 कारीगर अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए कुल 68 स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजकों को इस वर्ष लगभग 1.5 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि संवाद-2025 में कारीगरों ने 1.06 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
39 फेलो साझा करेंगे अपने शोध और विचार
संवाद फेलोशिप के तहत इस वर्ष 15 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों के 39 फेलो अपने विचारों और परियोजनाओं को प्रस्तुत करेंगे। फेलोशिप के लिए 26 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों के 99 जनजातीय समुदायों से 492 आवेदन प्राप्त हुए थे। अब तक इस फेलोशिप के माध्यम से 64 लोगों को सहयोग दिया गया है और 79 ज्ञान एवं सांस्कृतिक उपलब्धियां सामने आई हैं। इनमें 34 पुस्तकें, 11 ऑडियो-विजुअल डॉक्यूमेंट्री, 32 ऑडियो गीत, मणिपुर की पौमानी नागा जनजाति का एक हेरिटेज म्यूजियम और लद्दाख के बलती व्यंजन पर आधारित एक हेरिटेज कैफे शामिल हैं।
आदिवासी सिनेमा और पारंपरिक चिकित्सा पर भी होगी चर्चा
‘संवाद के साथ’ मंच पर आदिवासी सिनेमा और कहानी कहने की परंपरा को विशेष स्थान दिया जाएगा। इसमें 60 फिल्म निर्माता, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सामुदायिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। 12 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 11 जनजातीय समुदायों से प्राप्त 63 फिल्मों में से चयनित 25 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके अलावा 15 राज्यों के 28 जनजातीय समुदायों के 207 पारंपरिक आदिवासी चिकित्सक अपने पारंपरिक उपचार, औषधीय ज्ञान और स्वदेशी स्वास्थ्य पद्धतियों को साझा करेंगे।
अखड़ा में 675 प्रतिनिधि करेंगे महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन
सम्मेलन के अखड़ा कार्यक्रम में 26 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों के 166 जनजातीय समुदायों के 675 प्रतिनिधि शामिल होंगे। यहां जनजातीय पहचान, शिक्षा, भाषा संरक्षण, शासन व्यवस्था, प्रतिनिधित्व और विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 12 राज्यों के 18 जनजातीय समुदाय अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही 11 विशेष बैंड भी प्रस्तुति देंगे, जिनमें 12 राज्यों के 15 जनजातीय समुदायों का प्रतिनिधित्व होगा। इनमें तीन विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की भागीदारी भी शामिल है।
आदिवासी समाज की आवाज को राष्ट्रीय मंच देना उद्देश्य
टाटा स्टील फाउंडेशन के इस आयोजन का उद्देश्य केवल पांच दिनों का सांस्कृतिक उत्सव आयोजित करना नहीं, बल्कि आदिवासी समुदायों को अपनी पहचान, ज्ञान, परंपराओं और भविष्य की आकांक्षाओं को स्वयं व्यक्त करने का अवसर देना है। संवाद-2026 में आदिवासी समाज को विकास की चर्चाओं में केवल सहभागी के रूप में नहीं, बल्कि अपने पारंपरिक ज्ञान, जीवंत संस्कृति और अनुभवों के माध्यम से देश के भविष्य को दिशा देने वाले महत्वपूर्ण योगदानकर्ता के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

