NEWS LAHAR REPORTER
टाटा स्टील के ओएमक्यू डिवीजन ने छठे संस्करण की की घोषणा, 10, 7 और 5 किलोमीटर की दौड़ के साथ दिव्यांग प्रतिभागियों के लिए भी होगी 2 किमी की प्रतियोगिता
चाईबासा/गुवा, 13 नवंबर: खेल, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टाटा स्टील की ओर से नोआमुंडी रन-ए-थॉन के छठे संस्करण का आयोजन 22 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इस वर्ष प्रतियोगिता का आयोजन नोआमुंडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से होगा। इस आयोजन की थीम ‘हरित एवं बेहतर कल के लिए दौड़ें’ (Run for a Greener Tomorrow) रखी गई है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार देशभर से बड़ी संख्या में धावक इसमें हिस्सा लेंगे।
टाटा स्टील के ओर माइंस एंड क्वेरीज (ओएमक्यू) डिवीजन ने शुक्रवार को इस आयोजन की आधिकारिक घोषणा की। इस अवसर पर ओएमक्यू डिवीजन के महाप्रबंधक देबाशीष जेना ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में रन-ए-थॉन की आधिकारिक जर्सी का अनावरण किया।

कार्यक्रम में डी. विजयेंद्र, चीफ (नोआमुंडी, काटामाटी एवं विजया-II), राजीव कुमार, चीफ (खोन्डबोंड), राजेश राजन, हेड, कम्युनिकेशन (रॉ मटेरियल्स एवं झारखंड), मनीष सिन्हा, हेड, स्पोर्ट्स (इवेंट्स एवं ट्रेनिंग सेंटर्स) तथा उदय प्रकाश सिंह, असिस्टेंट मैनेजर, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन, नोआमुंडी सहित कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
तीन प्रमुख श्रेणियों में होगी दौड़
इस वर्ष रन-ए-थॉन में अलग-अलग आयु वर्ग और श्रेणियों के प्रतिभागियों को शामिल होने का अवसर मिलेगा। 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पुरुषों और महिलाओं के लिए 10 किलोमीटर तथा 7 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। वहीं, 16 वर्ष से कम आयु के बालक एवं बालिकाओं के लिए 5 किलोमीटर की प्रतियोगिता होगी।

इसके अलावा विशेष क्षमता वाले व्यक्तियों के लिए 2 किलोमीटर की विशेष दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को खेल और फिटनेस से जोड़ना तथा समाज में समावेशी खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।
विजेताओं को मिलेंगे 5.67 लाख रुपये
नोआमुंडी रन-ए-थॉन में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं के बीच कुल 5,67,000 रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। सामान्य एवं स्थानीय श्रेणी के विजेताओं को ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रमुख पुरस्कार राशि का विवरण:
10 किलोमीटर दौड़ (पुरुष एवं महिला)
- प्रथम पुरस्कार: ₹51,000
- द्वितीय पुरस्कार: ₹41,000
- तृतीय पुरस्कार: ₹31,000
7 किलोमीटर दौड़ (पुरुष एवं महिला)
- प्रथम पुरस्कार: ₹25,000
- द्वितीय पुरस्कार: ₹20,000
- तृतीय पुरस्कार: ₹15,000
5 किलोमीटर दौड़ (बालक एवं बालिका)
- प्रथम पुरस्कार: ₹10,000
- द्वितीय पुरस्कार: ₹8,000
- तृतीय पुरस्कार: ₹7,000
पिछले वर्ष 4 हजार से अधिक धावकों ने लिया था हिस्सा
उल्लेखनीय है कि नोआमुंडी रन-ए-थॉन के पिछले संस्करण में देश के विभिन्न हिस्सों से 4,000 से अधिक धावकों ने भाग लिया था। पिछले संस्करण की सफलता को देखते हुए इस वर्ष आयोजकों को प्रतिभागियों की संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा आयोजन
इस वर्ष की थीम ‘हरित एवं बेहतर कल के लिए दौड़ें’ के माध्यम से टाटा स्टील ने खेल के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की पहल की है। यह आयोजन युवाओं, बच्चों, महिलाओं और खेल प्रेमियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। नोआमुंडी रन-ए-थॉन अब केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि फिटनेस, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का एक महत्वपूर्ण मंच बनता जा रहा है।

