NEWS LAHAR REPORTER
कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण कर व्रतियों ने लिया छठ व्रत का संकल्प, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
मनोहरपुर, 13 नवंबर: लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिवसीय इस कठिन अनुष्ठान के शुभारंभ के साथ ही मनोहरपुर क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का माहौल बन गया है। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से घर-आंगन गूंजने लगे हैं। वहीं, छठ पूजा को लेकर बाजारों और घाटों पर भी चहल-पहल बढ़ गई है।
महापर्व के पहले दिन व्रतियों ने सुबह पवित्र स्नान कर घरों में पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद शुद्धता और पवित्रता के साथ तैयार कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ व्रतियों ने छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना करते हुए चार दिवसीय अनुष्ठान का संकल्प लिया।
चार दिनों तक चलेगा कठिन अनुष्ठान
छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार, 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को भगवान सूर्य की पूजा के बाद गुड़ की खीर, रोटी और अन्य पारंपरिक प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा।
रविवार, 15 नवंबर को छठ महापर्व का तीसरा दिन होगा। इस दिन व्रती नदी, तालाबों और विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महाअनुष्ठान संपन्न होगा। इसके बाद व्रती पारण कर व्रत समाप्त करेंगे।

घाटों की साफ-सफाई और सजावट पूरी
छठ महापर्व को लेकर मनोहरपुर क्षेत्र के विभिन्न नदी-तालाबों एवं छठ घाटों की साफ-सफाई और सजावट का कार्य पूरा कर लिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारियां भी की गई हैं।
आस्था, पवित्रता और अनुशासन का महापर्व
छठ पूजा भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना का सबसे पवित्र लोकपर्व माना जाता है। इस महापर्व में व्रती अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हैं। कठिन नियमों, शुद्धता, संयम और अटूट श्रद्धा के साथ मनाया जाने वाला यह पर्व सामाजिक एकता और लोक संस्कृति का भी प्रतीक है।
नहाय-खाय के साथ शुरू हुए इस महापर्व को लेकर मनोहरपुर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। अब श्रद्धालुओं को खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के पावन क्षणों का इंतजार है।

