NEWS LAHAR REPORTER
पढ़ाई और स्कूल में दाखिले का भरोसा देकर विधायक आवास पर रखने का आरोप, विधायक ने बताया राजनीतिक साजिश; मामले में दो अलग-अलग थानों में दर्ज हुई प्राथमिकी
रांची : झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय किशोरी ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। किशोरी की शिकायत पर रांची के विधानसभा थाना में विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। किशोरी का आरोप है कि उसे पढ़ाई और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर विधायक आवास पर रखा गया, लेकिन वहां उससे घरेलू काम कराया जाने लगा और बाद में उसके साथ जबरदस्ती की गयी।
दूसरी ओर, विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। इस बीच मामले में नया मोड़ तब आया, जब किशोरी के दादा ने सिमडेगा के पाकरटांड़ थाना में दो लोगों के खिलाफ अलग प्राथमिकी दर्ज करायी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पोती पर दबाव बनाकर विधायक के खिलाफ गलत बयान दिलवाया गया।

पढ़ाई के नाम पर विधायक आवास ले जाने का आरोप
किशोरी ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया है कि मई 2026 में एमा बाड़ा और जोसीमा खाखा नामक दो महिलाएं उसे गांव से अपने साथ सिमडेगा विधायक के आवास पर ले गयी थीं। उसे पढ़ाने और स्कूल में नामांकन कराने का भरोसा दिया गया था, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उससे घरेलू काम कराया जाने लगा।
किशोरी का आरोप है कि पांच अगस्त 2026 को रांची स्थित विधायक आवास संख्या 12 में विधायक भूषण बाड़ा ने उसके साथ जबरदस्ती की। उसने पुलिस को बताया कि वह विधायक के पास पानी लेकर गयी थी। इस दौरान उसे जूता खोलने के लिए कहा गया। आरोप है कि इसी दौरान उसके साथ जबरदस्ती की गयी। विरोध करने और चिल्लाने की कोशिश करने पर उसका मुंह बंद कर दिया गया और मारपीट कर चुप करा दिया गया।

किशोरी ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद विधायक ने किसी को जानकारी देने पर जान से मरवाने की धमकी दी थी।
धनरोपनी के बहाने सिमडेगा ले जाने का आरोप
किशोरी के अनुसार, घटना के दिन विधायक आवास में काम करने वाली दो अन्य लड़कियों को छुट्टी दे दी गयी थी। शाम को जोसीमा खाखा वहां पहुंचीं और धनरोपनी का बहाना बनाकर अगले दिन उसे सिमडेगा ले गयीं। इसके बाद उससे वहां भी काम कराया जाने लगा। किशोरी का कहना है कि लंबे समय तक काम कराने के बावजूद उसे केवल तीन हजार रुपये दिये गये।
उसने एमा बाड़ा पर मारपीट और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया है। देर से उठने या काम ठीक से नहीं करने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था। पर्याप्त भोजन नहीं दिया जाता था और स्कूल में दाखिले की बात कहने पर टाल दिया जाता था। किशोरी के मुताबिक, उससे एमा बाड़ा की बाउंड्री निर्माण के काम में भी मजदूरी करायी गयी।
गर्भ ठहरने की आशंका के बाद बिगड़ी तबीयत
किशोरी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है और मां ने बचपन में ही उसे छोड़ दिया था। सितंबर में वह अपनी मुंहबोली बहन और बहनोई के पास चली गयी थी। मासिक धर्म नहीं होने पर उसे गर्भ ठहरने की आशंका हुई। आर्थिक तंगी और पर्याप्त खान-पान नहीं मिलने के बीच 22 अक्टूबर को उसे रक्तस्राव शुरू हुआ। चिकित्सकीय जांच में गर्भ खराब होने की जानकारी मिलने की बात उसने पुलिस को बतायी है।
शुक्रवार देर शाम पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची। रात करीब 7:35 बजे अस्पताल पहुंचने के बाद दो महिला चिकित्सकों की मौजूदगी में उसका मेडिकल परीक्षण किया गया। किशोरी ने पुलिस से अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग भी की है।
दादा ने दो लोगों पर दर्ज करायी प्राथमिकी
इधर, किशोरी के दादा ने पाकरटांड़ थाना में दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। उनका आरोप है कि दोनों ने उनकी नाबालिग पोती को अगवा कर डराया-धमकाया और दबाव बनाकर विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ गलत एवं भ्रामक बयान देने के लिए मजबूर किया।
पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 23(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
विधायक ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश
विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा और निराधार बताया है। उनका कहना है कि किशोरी को पढ़ाई-लिखाई के उद्देश्य से रांची स्थित उनके आवास पर लाया गया था और धनरोपनी के समय ही वह अपने घर लौट गयी थी। इसके चार-पांच महीने बाद इस तरह का मामला सामने आना चौंकाने वाला है।
विधायक ने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश रची गयी है। उन्होंने एक तथाकथित नेता पर इस पूरे मामले के पीछे होने और किशोरी को उनके खिलाफ बयान देने के लिए तैयार कराने का आरोप लगाया है।
फिलहाल मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस के सामने दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच की चुनौती है। किशोरी की शिकायत, मेडिकल जांच और विधायक के पक्ष में दर्ज प्राथमिकी के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।

