NEWS LAHAR REPORTER
Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित एक राइस मिल में पांच कर्मचारियों के साथ अजीब घटना हुई। कर्मचारियों ने अनजाने में छिपकली वाली सब्जी खा ली। खाना खाने के दौरान सब्जी में पकी हुई छिपकली दिखाई देने के बाद सभी घबरा गए। किसी तरह की अनहोनी की आशंका में पांचों इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, राइस मिल के कुछ कर्मचारियों ने ड्यूटी पर जाने से पहले खाना और सब्जी तैयार की थी। उनके जाने के बाद मिल में काम कर रहे दूसरे कर्मचारी अपनी शिफ्ट खत्म करने से पहले उसी सब्जी को खाने बैठे।

बताया जाता है कि पांचों कर्मचारी करीब आधी सब्जी खा चुके थे। इसी दौरान उनकी नजर सब्जी में पकी हुई छिपकली पर पड़ी। यह देखते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। उन्हें डर सताने लगा कि छिपकली वाली सब्जी खाने से उनकी तबीयत खराब हो सकती है। इसके बाद सभी तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंच गए।

अस्पताल पहुंचे कर्मचारियों की पहचान रोहित भुइयां, जितेन महतो, अविनाश यादव, डिक्की और सोमनाथ महतो के रूप में हुई है। राहत की बात यह है कि अस्पताल पहुंचने तक किसी भी कर्मचारी में उल्टी, चक्कर या अन्य परेशानी के लक्षण नहीं दिखे थे। हालांकि, एहतियात के तौर पर सभी ने चिकित्सकीय जांच कराई।

