जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला और एक स्वर्ण व्यवसायी शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के पास से करीब 2 लाख 60 हजार रुपये मूल्य के चोरी हुए सोने के गहने बरामद कर लिए हैं।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस मामले में वादी ने गोविंदपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि जिस लड़की से उसके भाई की शादी तय हुई थी, उसी ने घर से सोने के गहनों की चोरी कर ली है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी लड़की को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार करते हुए गहने एक स्वर्ण व्यवसायी को बेचने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर साकची इलाके से एक स्वर्ण व्यवसायी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए सभी सोने के गहने बरामद कर लिए। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

