News Lahar Reporter
नई दिल्ली: मिडिल-ईस्ट में जारी संघर्ष का असर अब आम जनता और कारोबारियों की जेब पर साफ दिखने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के चलते सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर के दामों में 195.50 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें बुधवार से लागू हो गई हैं।
तेल कंपनियों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत अब बढ़कर 2,078.50 रुपये हो गई है। इससे पहले 1 मार्च को भी इस श्रेणी के सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों की लागत में इजाफा होगा, जिससे खाने-पीने की चीजों के दाम भी बढ़ने की आशंका है।
हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पिछली बार 7 मार्च को इसमें 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये बनी हुई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं, तो आने वाले समय में घरेलू गैस उपभोक्ताओं पर भी असर पड़ सकता है।

