NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा बस्ती में 27 वर्षीय रोहित मुंडा की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल एक नाबालिग समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुजल लोहार, हरिपदो मछुआ, समीर मुंडा और रवि यादव शामिल हैं। अन्य दो आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि घटना की रात सलगाझुड़ी स्थित मिलाप भवन में एक पार्टी आयोजित की गई थी, जहां रोहित मुंडा अपने दोस्तों के साथ पहुंचा था। पार्टी के दौरान नशे की हालत में वह गलती से किसी दूसरे युवक की बाइक लेकर अपने घर चला गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई थी। बाइक गायब होने के बाद आरोपियों ने रोहित को पकड़ लिया और उस पर हमला कर दिया।
बाइक को लेकर शुरू हुआ विवाद, हत्या तक पहुंचा मामला
मृतक के दोस्त बजरंगी के अनुसार, रोहित ने चोरी की नीयत से बाइक नहीं ली थी, बल्कि नशे की हालत में वह गलती से उसे अपने साथ ले आया था। लेकिन बाइक मालिक और उसके साथियों ने इसे चोरी समझ लिया। इसके बाद उन्होंने रोहित को घेर लिया और लाठी-डंडों तथा बांस-फट्टियों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। यह पूरी घटना सरजामदा गुरुद्वारा रोड के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब ढाई बजे तक हमलावर रोहित को लगातार पीटते रहे। वह अपनी जान की भीख मांगता रहा, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी। स्थानीय लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
मां ने घर लाकर पानी पिलाया, सुबह बेटे की मौत का चला पता
गंभीर रूप से घायल रोहित को उसकी मां पुतुल कालिंदी किसी तरह घर लेकर आईं और उसे पानी पिलाया। इसके बाद वह कुछ समय के लिए पास में रहने वाले एक रिश्तेदार के घर चली गईं। गुरुवार सुबह जब वह वापस लौटीं तो रोहित की सांसें थम चुकी थीं। बेटे का शव देखकर मां की चीख-पुकार से पूरे इलाके में मातम छा गया।
पुरानी रंजिश का भी आरोप
मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि आरोपियों की रोहित से पहले से रंजिश थी। उन्होंने बताया कि गणेश पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान भी रोहित के साथ मारपीट की गई थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन इसके बाद भी आरोपी उसे लगातार प्रताड़ित करते रहे।
घटना के बाद विधि-व्यवस्था डीएसपी सुमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें मारपीट की पूरी घटना के महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा सिटी एसपी द्वारा किया जा सकता है।

