NEWS LAHAR REPORTER
*बहरागोड़ा।* प्रखंड के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत पाथरघाटा गांव में शुक्रवार देर रात अचानक आग लगने से जमुना मुंडा का फूस का मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना में घर में रखा अनाज, घरेलू सामान, जरूरी दस्तावेज और नकद रुपये समेत पूरी गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई। घर जल जाने के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
बताया गया कि घटना के समय जमुना मुंडा अपनी बेटी लक्ष्मी के साथ घर में सोए हुए थे। देर रात अचानक छप्पर में आग की लपटें दिखाई दीं। आग देखकर दोनों किसी तरह अपनी जान बचाकर घर से बाहर निकले। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा फूस का मकान आग की चपेट में आ गया।
ग्रामीणों के अनुसार, आसपास तत्काल आग बुझाने के लिए समरसेबल पंप या तालाब की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। वहीं, दमकल वाहन के पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन फूस का मकान होने के कारण आग पर जल्द काबू नहीं पाया जा सका।
### अनाज से लेकर नकदी तक सब कुछ हुआ राख
अगलगी में घर में रखा *धान, चावल, बर्तन, साइकिल और जरूरी दस्तावेज* जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा तमिलनाडु में मजदूरी करने वाले जमुना मुंडा के बेटे ने शादी का कर्ज चुकाने के लिए जो *20 हजार रुपये नकद भेजे थे*, वह राशि भी आग की भेंट चढ़ गई।
आग में गृहस्थी का सामान जल जाने से परिवार के सामने तत्काल भोजन और रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। पीड़ित परिवार ने बताया कि मेहनत से जुटाई गई उनकी पूरी गृहस्थी कुछ ही देर में राख में बदल गई।
### प्रशासन से राहत की गुहार
पीड़ित जमुना मुंडा ने आग लगने का कारण *शॉर्ट सर्किट होने की आशंका* जताई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से तत्काल राहत सामग्री, आर्थिक सहायता तथा आवास की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

