जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित साईं मंदिर के पास गुरुवार देर रात पुलिस और कैरव गांधी के अपहरण में शामिल अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में तीन कुख्यात बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायलों की पहचान गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा के रूप में हुई है। तीनों बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं और अपहरण सहित कई संगीन अपराधों में उनकी संलिप्तता रही है।
पुलिस के अनुसार उद्योगपति कैरव गांधी के अपहरण मामले में पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि आरोपियों ने शहर छोड़ने से पहले सोनारी साईं मंदिर के पास झाड़ियों में हथियार छिपा रखे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम तीनों को लेकर मौके पर पहुंची थी।
मौके पर पहुंचते ही गुड्डू सिंह ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे के बॉडीगार्ड की कारबाइन छीन ली और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पांच राउंड फायरिंग की, जिससे तीनों बदमाश घायल हो गए।
घटनास्थल से पुलिस ने कई खोखा और तीन पिस्तौल बरामद किए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों अपराधी लंबे समय से वांछित थे और अपहरण व फिरौती के कई मामलों में शामिल रहे हैं। झारखंड और बिहार में इनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पूरे मामले की गहन छानबीन जारी है।

