NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने नामदा बस्ती आनंद नगर रोड नंबर-5 स्थित नितेश कुमार के घर को निशाना बनाते हुए नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, नितेश कुमार अपने परिवार के साथ 8 मई को किसी जरूरी काम से घर से बाहर गए हुए थे। 11 मई को जब परिवार वापस लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा गया कि चोर अलमारी तोड़कर उसमें रखे नकद रुपये, गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद झारखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

