जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के फेस टू नारायणी परिसर में संपत्ति विवाद को लेकर एक घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट करने और नकदी लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट की और अटैची में रखे 10 हजार रुपये निकाल कर फरार हो गए।
इस मामले में पीड़िता विनीता कुमारी श्रीवास्तव के आवेदन पर गोविंदपुर थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने टेल्को थीम पार्क की रहने वाली अंजनी मल्लिक, छोटा गोविंदपुर पटेल नगर की कांता देवी, गोविंदपुर चटर्जी कॉलोनी की रचना सिंह और संजय सिंह को आरोपी बनाया है। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद रविवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
पीड़िता विनीता कुमारी श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि 7 मार्च की आधी रात को आरोपी लोग उनके घर में जबरन घुस आए। इस दौरान उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने अटैची में रखे 10 हजार रुपये भी निकाल लिए और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।
गोविंदपुर थाना प्रभारी का कहना है कि मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है। इसी विवाद के चलते यह घटना हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

