जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के पंचवटी नगर में सामने आए महिला आत्महत्या मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। सोनारी थाना प्रभारी विनोद पासवान ने बताया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला था। जांच में सामने आया कि पति ने ही पत्नी की गला दबाकर हत्या की और बाद में शव को पंखे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो सके।
पुलिस के अनुसार, मृतका सलोनी मुखी और उसके पति उमंग मुखी के बीच पिछले दो-तीन महीनों से लगातार विवाद चल रहा था। आरोपी पति ससुराल में घरजमाई बनकर रह रहा था और छोटी-छोटी बातों को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। इसी विवाद के चलते पति ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद आरोपी ने मृतका की बड़ी बहन को यह कहकर नीचे बुलाया कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। हालांकि, परिजनों को शक हुआ और उन्होंने सवाल उठाने शुरू किए। इसी बीच, आरोपी पति फरार हो गया और बाद में नदी में कूदकर जान दे दी।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाई है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं।

