NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर में बुधवार शाम एक बार फिर अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित मुंशी मोहल्ला के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान राहुल बच्चा के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल राहुल को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग टीएमएच पहुंच गए। राहुल की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में आक्रोश फैल गया और परिजनों ने हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। वहीं घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
मृतक के साथी राजेश दुबे ने बताया कि राहुल बच्चा और शंकोसाई रोड नंबर-5 निवासी साहब सिंह सब्बे एक ही युवती से प्रेम करते थे। युवती मानगो के टीचर्स कॉलोनी की रहने वाली बताई जा रही है। दोनों युवक उससे बातचीत करते थे, जिसे लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
राजेश के अनुसार, साहब सिंह सब्बे राहुल को युवती से दूर रहने की चेतावनी देता था। इसी रंजिश के चलते बुधवार शाम वह अपने कई साथियों के साथ मुंशी मोहल्ला पहुंचा और राहुल पर गोली चला दी। आरोप है कि उसके साथ आए अन्य लोगों ने डंडों और पत्थरों से भी हमला किया।
पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि वारदात में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा सके।

