NEWS LAHAR REPORTER
गुवा संवाददाता। बड़ाजामदा में शनिवार को मद्धेशिया हलवाई समाज की ओर से संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ गोविंद की जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। समारोह में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा गणिनाथ महाराज की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच बाबा गणिनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। पूजा-अर्चना से पूर्व जोड़ा से पहुंचे मुख्य अतिथि दीपू जी ने झंडोत्तोलन किया। इसके बाद हवन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें समाज के सदस्यों ने सपरिवार हिस्सा लिया।
पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं, सैकड़ों लोगों के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
अत्याचार और अन्याय के विरोधी थे बाबा गणिनाथ : लालू पांडे
मुख्य पुजारी लालू पांडे ने संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ महाराज की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा गणिनाथ परम तपस्वी थे और उन्होंने दिव्य शक्तियां अर्जित की थीं। वे शोषण, अत्याचार और अन्याय के प्रखर विरोधी थे। उन्होंने मानव समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त कर लोगों को सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
उन्होंने श्रद्धालुओं से क्रोध, मोह और लोभ का त्याग कर सदाचार को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाबा गणिनाथ के आदर्श आज भी समाज को एकजुटता, सेवा और सद्भाव का संदेश देते हैं।
समाज की एकजुटता और मंदिर निर्माण पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के अंत में मध्यदेशीय वैश्य समाज को मजबूत बनाने को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के विकास, संगठन की मजबूती और मंदिर निर्माण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर काशीनाथ गुप्ता, शिवदयाल प्रसाद, सुनील कुमार शाह, मदन गुप्ता, धर्मेंद्र गुप्ता, मणिशंकर प्रसाद, तारकेश्वर गुप्ता, शैलेंद्र गुप्ता, श्रवण गुप्ता, रत्नेश गुप्ता, विजय कुमार प्रसाद, पिंटू गुप्ता, प्रेम गुप्ता, इंद्रजीत गुप्ता, ज्ञान चंद्र गुप्ता सहित समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

