News Lahar Reporter:
जमशेदपुर : शहर में दिनदहाड़े एक बड़ी आभूषण चोरी की घटना सामने आई है, जहां एक शातिर युवक ने चालाकी से ज्वेलरी दुकान से लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। मामला उलीडीह थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, उलीडीह ओपी अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित हरि मंदिर के पास स्थित विश्वनाथ ज्वेलर्स में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक युवक ग्राहक बनकर पहुंचा। दुकान में मौजूद दुकानदार विश्वनाथ दत्ता के बेटे अभिजीत ने उसे आभूषण दिखाने शुरू किए।
इसी दौरान युवक ने बड़ी चालाकी से एक महंगा आभूषण पसंद किया और एक हजार रुपये एडवांस देकर शाम में लेने की बात कहकर वहां से निकल गया। शुरुआत में किसी को शक नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर बाद जब अभिजीत ने सामान की जांच की तो एक डब्बे से कीमती आभूषण गायब मिले।
शक होने पर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें साफ दिखाई दिया कि युवक झांसा देकर आभूषण लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि चोरी गए गहनों की कीमत करीब 23 से 24 लाख रुपये है।
हैरानी की बात यह है कि आरोपी युवक एक दिन पहले भी दुकान पर आया था और करीब 5700 रुपये के गहने खरीदकर गया था, जिससे उसने दुकानदार का विश्वास जीत लिया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

