जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के एमई स्कूल रोड स्थित सेवा सदन अस्पताल के पास एक घर में हुई करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात की बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
घटना एक फरवरी की रात की है, जब चोरों ने घर में घुसकर कीमती आभूषण और नकदी पार कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज खंगालने के बाद काफी मशक्कत से आरोपी की पहचान जुगसलाई निवासी ऋतिक कुमार सिंह के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को दबोचकर उसके पास से चोरी के अधिकांश जेवरात बरामद कर लिए। बरामद सामान में सोने के कंगन, चूड़ियां, हीरे जड़ी अंगूठियां, चेन, सिक्के, मांग टीका, लॉकेट, नथ, बटन, तार, चांदी के सिक्के, पायल, झुनझुना और अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा नकद रुपये भी जब्त किए गए हैं।
बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले भी साकची थाना क्षेत्र में चोरी का मामला दर्ज है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि शहर में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।

