जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर निवासी एक व्यक्ति ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास किया। व्यक्ति की पहचान उदय सिंह के रूप में हुई है, जो मानगो क्षेत्र पहुंचा और नदी में कूदकर जान देने की कोशिश की।
घटना के दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर उदय सिंह पर पड़ गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद किसी ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मानगो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और उदय सिंह को अपनी जीप में बैठाकर थाने ले गई।
पुलिस थाने में उदय सिंह से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस का कहना है कि परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके आने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर व्यक्ति को परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

