NEWS LAHAR REPORTER
धन्वंतरि पूजा के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव का आगाज, शाम को यम के नाम जला दीप; बाजारों में दिनभर रही रौनक
मनोहरपुर, संवाददाता। दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को धनतेरस के साथ हो गई। धन्वंतरि त्रयोदशी के अवसर पर मनोहरपुर, आनंदपुर और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह एवं उल्लास का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर बर्तन, झाड़ू और सजावट के सामान तक की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की चहल-पहल बनी रही।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार धनतेरस को धन, स्वास्थ्य, समृद्धि और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर समुद्र मंथन से प्रकट हुए थे। इसी कारण धनतेरस पर सोना-चांदी, बर्तन, वाहन और घरेलू उपयोग की वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है।
ज्वेलरी और बर्तन दुकानों पर रही विशेष भीड़
मनोहरपुर के मुख्य बाजार के साथ आनंदपुर और आसपास के बाजारों में सुबह से ही खरीदारी का दौर शुरू हो गया था। ज्वेलरी दुकानों में सोने-चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और आभूषण खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ लगी रही। वहीं बर्तन दुकानों में पीतल, तांबा और स्टील के बर्तनों की अच्छी बिक्री हुई।
इसके अलावा झाड़ू, धनिया, नमक, दीपक, तेल, रंगोली और सजावट के सामान की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। दुकानदारों के अनुसार इस वर्ष पिछले साल की तुलना में खरीदारी को लेकर लोगों में अधिक उत्साह नजर आया।
घर-घर हुई भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना
धनतेरस को लेकर महिलाओं ने घरों में विशेष तैयारियां कीं। घरों और आंगन को दीपों, फूलों और रंगोली से सजाया गया। लोगों ने भगवान धन्वंतरि तथा माता लक्ष्मी-गणेश की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। वहीं शाम को यमराज के नाम दीपदान कर परिवार के सदस्यों की दीर्घायु की कामना की जाएगी।
सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन रहा अलर्ट
त्योहार के मद्देनजर बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन भी सतर्क रहा। बाजार क्षेत्रों में भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए।
कुल मिलाकर धनतेरस के साथ ही मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्रों में दीपावली की रौनक बढ़ गई है। अब लोगों को दीपावली के साथ माता लक्ष्मी, भगवान गणेश और मां काली की पूजा का बेसब्री से इंतजार है।
