NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में मंगलवार दोपहर रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने जमीन मालिक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना में जमीन मालिक बाल-बाल बच गए, हालांकि एक गोली उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कपाली वार्ड संख्या-20 निवासी अफसर नवाज इस्लामनगर मजार के पीछे स्थित अपनी जमीन पर चारदीवारी निर्माण का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान 8 से 10 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने उनसे रंगदारी की मांग की। अफसर नवाज द्वारा विरोध किए जाने पर अपराधियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते फायरिंग कर दी।
पीड़ित अफसर नवाज के अनुसार बदमाशों ने तीन राउंड गोलियां चलाईं। एक गोली उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जबकि दूसरी गोली सड़क पर जा गिरी। अचानक हुई फायरिंग से निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। घायल अफसर नवाज को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर काम कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। झारखंड में लगातार सामने आ रही रंगदारी और फायरिंग की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

