जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया-धालभूमगढ़ मुख्य सड़क पर बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। पीडी बागान के पास एक कार सड़क किनारे खड़े पुआल लदे ट्रैक्टर से जा टकराई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कार में सवार तीन युवक चाकुलिया से धालभूमगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में चाकुलिया प्रखंड के धोबासोल गांव निवासी विश्वजीत मुंडा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं घायल मोहित महतो और सन्नी यादव को स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक समीर कुमार मोहंती मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वहीं झामुमो नेता कृति सुंदर महतो और गौतम दास भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े वाहन को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

