जमशेदपुर :
गालूडीह थाना क्षेत्र के खड़िया कॉलोनी स्थित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में हुए चर्चित तारापदो महतो हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के फरार आरोपी निवास कुमार दुबे उर्फ छोटू दुबे को गिरफ्तार कर लिया है। वह बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के लाल बाबा फाउंड्री का रहने वाला है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी उलीडीह स्थित अपनी ससुराल में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर छापामारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद
ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने एसपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल, तीन कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
क्या था मामला
12 जनवरी को उलीडीह के पुतरु निवासी तारापदो महतो की उनके सीएससी केंद्र में घुसकर बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इस हत्याकांड में पुलिस ने पहले
* भाजपा जिला महामंत्री हराधन सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा था
* आरोपी दिनेश बाउरी ने अदालत में सरेंडर किया था
* बिरसानगर के विकास दुबे उर्फ राहुल दुबे और टेल्को के अभिषेक कुमार उर्फ गोलू उर्फ हैप्पी को भी चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया था

