News Lahar Reporter
जमशेदपुर: डिमना स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल में महज छह घंटे के भीतर चार मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद चोरी होने की घटनाओं ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सभी पीड़ितों ने एमजीएम थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, बोड़ाम प्रखंड के नूतनडीह गांव की रहने वाली रूपाली महतो अस्पताल के गायनिक वार्ड में भर्ती हैं। रविवार देर रात उनके बेड के पास रखा करीब 19 हजार रुपये कीमत का मोबाइल चोरी हो गया। उनके पति दुलाल महतो ने अस्पताल प्रबंधन को आवेदन देकर सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई। फुटेज में एक युवक वार्ड में घुसकर मोबाइल लेकर बाहर निकलता दिखाई दिया।
दूसरी घटना सोमवार सुबह ग्राउंड फ्लोर पर हुई। ईचागढ़ के मैसाड़ा गांव निवासी मनसा गोप बाथरूम में मुंह धोने गए थे। उन्होंने अपना मोबाइल स्लैब पर रखा था, तभी किसी ने मोबाइल चुरा लिया। मोबाइल के कवर में रखे 10 हजार रुपये नकद भी गायब हो गए। मनसा गोप ने बताया कि उनकी पत्नी अस्पताल में भर्ती हैं और चोरी के बाद उनके पास खाने तक के पैसे नहीं बचे, जिसके कारण उन्हें उधार लेना पड़ा।
इसी दौरान बिष्टुपुर निवासी मरीज संजय डालमिया की पत्नी सोनिया डालमिया का मोबाइल भी वार्ड से चोरी हो गया। मोबाइल चार्जिंग पर लगा था। सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 12 बजे वही संदिग्ध युवक वार्ड में घुसकर मोबाइल ले जाता नजर आया, जिस पर अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल होने का संदेह है।
अस्पताल में एक अन्य मरीज के परिजन का मोबाइल चोरी होने की भी चर्चा है, हालांकि इस मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मरीजों और उनके परिजनों में असुरक्षा का माहौल है। लोगों ने अस्पताल प्रशासन से वार्डों में सुरक्षा बढ़ाने, रात्रि गश्त तेज करने और संदिग्ध लोगों की निगरानी सख्ती से करने की मांग की है। वहीं एमजीएम थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

