NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ईंट-बालू कारोबारी पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में कारोबारी सुजीत झा घायल हो गए। उनके गले में चाकू लगने से चोट आई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, केबल टाउन निवासी सुजीत झा अपने बालू स्टॉक यार्ड पर मौजूद थे। इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों युवकों ने सुजीत झा को धमकाते हुए कहा कि वह इन दिनों काफी पैसा कमा रहे हैं। इसके बाद दोनों ने उन्हें पकड़ लिया और गले पर चाकू रखकर डराने की कोशिश की।
सुजीत झा ने विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच छीना-झपटी शुरू हो गई। इसी दौरान चाकू उनके गले में लग गया, जिससे वह घायल हो गए और खून बहने लगा। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल कारोबारी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सुजीत झा ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उनसे किसी प्रकार की रंगदारी की मांग नहीं की थी।
घटना के बाद इलाके के कारोबारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बुलेट बाइक सवार आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

