News Lahar Reporter
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन पब एंड बार के बाहर शनिवार रात हुई चाकूबाजी की घटना में घायल हिमांशु की सोमवार शाम टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। हिमांशु गंभीर रूप से घायल था और पिछले दो दिनों से अस्पताल में भर्ती था। वहीं, इस घटना में घायल प्रत्यूष का इलाज अभी भी जारी है।
हिमांशु की मौत के बाद यह मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है। पुलिस अब इस केस में हत्या की धाराएं जोड़कर आगे की कार्रवाई करेगी।
इस मामले में भाजपा नेता एवं डबल डाउन पब एंड बार के मालिक नीरज सिंह समेत 10 लोगों के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों में बार के सह-मालिक विजय कुमार, सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया क्षेत्र के धातकीडीह गांव निवासी सोनू राम सरदार उर्फ सोनू मंडल, विश्वनाथ मंडल, राहुल, राज लोहार, अमित लोहार, अर्जुन लोहार, गणेश लोहार तथा घाघीडीह निवासी लखन मार्डी शामिल हैं।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मौके से सोनू राम सरदार और राज लोहार को गिरफ्तार कर लिया था। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद किया गया है।
हिमांशु की मौत के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है। क्षत्रिय संघ और करणी सेना ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। संगठनों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
एफआईआर के अनुसार शनिवार शाम करीब छह बजे बार के अंदर विवाद शुरू हुआ था। यह विवाद बढ़ते-बढ़ते देर रात बार के बाहर हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें हिमांशु और प्रत्यूष पर चापड़ से हमला किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

