NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गदरा के समीप अप्रैल माह में रेल लाइन किनारे मिले गुलशन कुमार उर्फ गुलशन प्रसाद के शव मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि गुलशन की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके पुराने केस पार्टनर जय कुमार उर्फ जय कर्मकार ने अपने साथियों के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद शव को रेल लाइन के किनारे फेंक दिया गया, ताकि मामला रेल दुर्घटना का प्रतीत हो।
गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जय कर्मकार ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि वर्ष 2022 में वह और गुलशन डकैती के एक मामले में साथ जेल जा चुके थे। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन जय ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर पहले गुलशन की बेरहमी से पिटाई की। जब वह अधमरा हो गया तो रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से शव को रेल लाइन के किनारे फेंक दिया गया, ताकि यह ट्रेन हादसे में हुई मौत लगे।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद कर ली है।
थाना प्रभारी ने बताया कि अप्रैल माह में शव मिलने के बाद परिजनों की ओर से अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कराया गया था। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। इसी क्रम में जय कर्मकार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।
गोविंदपुर में गुलशन हत्याकांड का खुलासा, पुराने साथी ने साथियों संग की थी हत्या
e-Desk newslahar.in
Newslahar.in एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो भारत और दुनिया भर से समय पर, सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रदान करता है। हम राजनीति, व्यापार, तकनीक, शिक्षा और सामाजिक मुद्दों को तथ्यों, स्पष्टता और जनहित पर विशेष ध्यान के साथ कवर करते हैं—ताकि पाठक हमेशा सूचित, जागरूक और जुड़े रहें।

