News Lahar Reporter
जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूबासा रोड नंबर-9 स्थित एक बंद मकान में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपये के जेवरात तथा नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद मंगलवार दोपहर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार मकान मालिक पीके पटनायक 8 मई को अपनी बेटी के पास बेंगलुरु गए हुए थे। उनके जाने के बाद से घर बंद पड़ा था। इसी दौरान चोरों ने सुनसान मकान को निशाना बनाया। मंगलवार को पड़ोसियों की नजर घर के टूटे ताले पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पीके पटनायक और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की मौजूदगी में जब घर का दरवाजा खोला गया तो अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला। चोर घर में रखे नकद रुपये और कीमती जेवरात लेकर फरार हो चुके थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना पर फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम भी मौके पर पहुंची और कई अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में इन दिनों रात्रि गश्ती पर्याप्त नहीं हो रही है, जिसके कारण चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

